Padma Awards 2022 Winners List: भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म अवॉर्ड से सम्मानित नामों की घोषणा कर दी है। देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कल्याण सिंह को भी मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। गीता प्रेस गोरखपुर के अध्यक्ष रहे राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण मिलेगा।
4 लोगों को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 107 को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, SII के एमडी साइरस पूनावाला को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। ओलंपियन नीरज चोपड़ा, प्रमोद भगत और वंदना कटारिया और गायक सोनू निगम को पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्जी को पद्म भूषण मिलेगा। कोवैक्सिन निर्माता भारत बायोटेक के अध्यक्ष कृष्णा एला, उनकी सह-संस्थापक पत्नी सुचित्रा एला को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।