काबिलियत और बेदाग छवि बना सरकार का भरोसा, ITBP & CRPF के रह चुके हैं डीजी
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल एवं उनकी टीम को नए साथी मिले हैं. सेवानिवृत आईपीएस अधिकारी अनीस दयाल सिंह को सरकार ने देश का नया डिप्टी NSA बनाया है. रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख राजिंदर खन्ना अतिरिक्त NSA हैं जबकि सेवानिवृत IPS टी वी रविचंद्रन और पूर्व IFS पवन कपूर डिप्टी NSA हैं. डिप्टी NSA की नई भूमिका से पहले सिंह ने ITBP & CRPF के डीजी का महत्वपूर्ण जिम्मा संभाला है. बतौर सीआरपीएफ डीजी नक्सलवाद का सफाया करके इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इनके द्वारा नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में नयी बटालियनों की शुरुआत काफी असरकारी रही है. लोकसभा चुनाव २०२४ और केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में सीआरपीएफ द्वारा सुरक्षा के जो पुख्ता इंतजाम किये गये उसने इनकी एक खास पहचान बनाई.
मणिपुर कैडर के आईपीएस अधिकारी सिंह की काबिल एवं बेदाग छवि बनी सरकार के भरोसे का कारण
मणिपुर कैडर के आईपीएस अधिकारी अनीस दयाल सिंह यूपी के प्रयागराज के रहने वाले हैं. इन्टेलीजेंस ब्यूरों में लंबे समय तक सेवाएं दी हैं. अपनी पूरी सेवा में सिंह की छवि एक काबिल एवं बेदाग अधिकारी की रही है. यही कारण है कि सरकार ने इन पर भरोसा जताकर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. सिंह डिप्टी NSA के रूप में J&K, नक्सलवाद और पूर्वोत्तर उग्रवाद समेत देश के आंतरिक मामलों के प्रभारी होंगे. ऐसे समय में जब देश के सामने भीतर और बाहर सुरक्षा संबंधी नई चुनौतियां खड़ी हैं सिंह की डिप्टी एनएसए के रूप में नियुक्ति महत्वपूर्ण है. निश्चित तौर पर इनकी विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ देश को मिलेगा.